ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी हाईकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को फटकार लगाई है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने चन्नी को तलब कर उनके समर्थकों की ओर से हो रही नारेबाजी और पोस्टरबाजी पर नाराजगी जताई।
जानकारी के मुताबिक, वेणुगोपाल ने चन्नी से कहा कि वह अपने समर्थकों को नियंत्रण में रखें और पार्टी कार्यक्रमों में इस तरह की नारेबाजी और पोस्टरबाजी से बचें।
15 दिन में फैसला लेने के संकेत
सूत्रों के अनुसार, हाईकमान ने चन्नी को संकेत दिया है कि अगले 15 दिनों में पार्टी इस मामले में सख्त फैसला ले सकती है। इसके बाद पार्टी की ओर से एक अंतिम फॉर्मूला तैयार किया जाएगा। फॉर्मूला तय होने के बाद नेताओं को अपनी राजनीतिक भूमिका के अनुसार आगे बढ़ने की स्वतंत्रता होगी। वहीं, चन्नी के बाद राजा वड़िंग गुट को भी हाईकमान तलब कर सकता है।
कार्यक्रमों में चन्नी के समर्थन में नारे
पिछले कुछ दिनों से राजा वड़िंग की अगुआई में हो रहे कांग्रेस के कार्यक्रमों में चन्नी के समर्थन में नारेबाजी देखने को मिल रही है। इसके अलावा पंजाब के अलग-अलग शहरों में चन्नी के समर्थन और विरोध में पोस्टर भी सामने आए हैं।इन घटनाओं के बाद पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर चर्चा में है।