ख़बरिस्तान नेटवर्क : वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने एयरफोर्स से रिटायरमेंट ले ली है। जीहां, ये वही अभिनंदन वर्धमान हैं जिन्होंने पाकिस्तान के F16 फाइटर जेट को मार गिराया था। अब उन्होंने गोवा की प्राइवेट एयरलाइन फ्लाई-91 को जॉइन कर लिया है।
31 मार्च को लिया था रिटायरमेंट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनंदन ने इसी साल 31 मार्च को रिटायरमेंट ली थी। अगर वह भारतीय वायुसेना में रहते तो साल 2037 में उनकी रिटायरमेंट होती। पर उन्होंने पहले ही रिटायरमेंट लेकर कमर्शियल पायलट बनने का फैसला किया। अभिनंदन ने करीब 2 दशक तक वायुसेना में रहकर देश की सेवा की है।
MiG-21 फाइटर प्लेन उड़ाते थे अभिनंदन
अभिनंदन वायुसेना में MiG-21 फाइटर उड़ाते थे। 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तानी के F-16 लड़ाकू जहाज को मार गिराने के दौरान उनका जेट मिसाइल की चपेट में आ गया था। जेट से इजेक्ट होकर वे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में उतरे थे। PoK में पाकिस्तानी फौज ने उन्हें पकड़ लिया था। भारत के जबर्दस्त दबाव के चलते करीब 60 घंटे बाद, 1 मार्च 2019 को अटारी बॉर्डर के जरिए उनकी वापसी हुई थी। 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
गोवा और हैदराबाद में FLY91 एयरलाइन का बेस
FLY91 एक क्षेत्रीय एयरलाइन है, जिसने मार्च 2024 में कॉमर्शियल उड़ानें शुरू की थीं। इसका फोकस छोटे शहरों को हवाई सेवा से जोड़ने और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने पर है। एयरलाइन के बेड़े में फिलहाल 6 ATR 72-600 विमान हैं। ये टर्बोप्रॉप विमान कम दूरी की उड़ानों के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं और इनमें करीब 70 यात्री बैठ सकते हैं।









