ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के गुलाब देवी रोड के पास गुरु नानक नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बच्चे के बाइक सवार तीन युवकों के साथ जाने की तस्वीर सामने आई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बच्चे को बाइक के बीच में बैठाकर वहां से ले गए, जबकि बच्चे का बैग कथित तौर पर नहर में फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों ने थाना नंबर-1 की पुलिस को जानकारी दी।
बाइक पर बच्चे को ले जाते दिखे तीन युवक
मामले को लेकर सामने आई तस्वीर में बाइक पर तीन युवक नजर आ रहे हैं और बच्चे को उनके बीच बैठा हुआ देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक सवार युवक बच्चे को लेकर वहां से चले गए। इसके बाद बच्चे का बैग नहर में फेंके जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, अभी तक बच्चे के परिजनों की पहचान और उसके बारे में पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
पूर्व पार्षद जगदीश समराय ने बताया क्या हुआ
पूर्व पार्षद जगदीश समराय ने बताया कि वह करीब 2 बजे इस इलाके से गुजर रहे थे। उस दौरान उन्होंने देखा कि काफी संख्या में लोग एकत्रित थे। जब उन्होंने लोगों से वहां जमा होने का कारण पूछा तो उन्हें बताया गया कि बाइक सवार तीन युवक बच्चे को अपने साथ ले गए हैं। पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक बच्चे को लेकर फरार हुए बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
पुलिस ने कहा- अभी किडनैपिंग की पुष्टि नहीं
वहीं, पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम गुरु नानक नगर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में स्कूल के बच्चे को बाइक सवारों द्वारा ले जाने की बात सामने आई थी, लेकिन अभी तक किडनैपिंग का कोई मामला सामने नहीं आया है।
पुलिस ने इलाके के तीन स्कूलों के प्रिंसिपलों से भी संपर्क किया है, लेकिन फिलहाल किसी बच्चे के लापता होने की जानकारी नहीं मिली है। इसके बावजूद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बच्चे तथा बाइक सवारों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
तीन दिन में दूसरी घटना
स्थानीय स्तर पर इस घटना को जालंधर में पिछले तीन दिनों के दौरान बच्चे के किडनैपिंग होने की दूसरी घटना है। हालांकि, मौजूदा मामले में पुलिस ने अभी किडनैपिंग की पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगा कि बच्चे को वास्तव में अगवा किया गया था या मामला कुछ और है।
खबर लिखे जाने तक बच्चे के मिलने की सूचना है।









