ख़बरिस्तान नेटवर्क : महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में चिकन शोर्मा खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। एक ही स्टॉल से शोर्मा खाने वाले कम से कम 43 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। बीमार लोगों में 10 बच्चे और एक गर्भवती महिला भी शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक ही स्टॉल से खरीदा था चिकन शोर्मा
जानकारी के मुताबिक, यह मामला भिवंडी के वंजार पट्टी नाका इलाके का है। यहां सड़क किनारे लगे एक स्टॉल से कई लोगों ने चिकन शोर्मा खरीदकर खाया था। कुछ समय बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। प्रभावित लोगों को उल्टी, दस्त और बुखार जैसी शिकायतें होने लगीं। देखते ही देखते बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचने लगे, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
43 मरीजों में 17 पुरुष और 16 महिलाएं शामिल
अधिकारियों के अनुसार, अब तक 43 लोगों के फूड पॉइजनिंग की चपेट में आने की पुष्टि हुई है। इनमें 17 पुरुष, 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं। बीमार लोगों की उम्र 2 साल से लेकर 40 साल तक बताई जा रही है। इसके अलावा एक गर्भवती महिला भी शोर्मा खाने के बाद बीमार पड़ गई। सभी मरीजों को भिवंडी के इंदिरा गांधी मेमोरियल (IGM) उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है।
मरीज बोले- खड़े होने की भी नहीं बची थी हिम्मत
अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने बताया कि उसने सोमवार को चिकन शोर्मा खाया था। अगले दिन उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और पूरे दिन वह बीमार रहा। मरीज के मुताबिक, उसकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि उसके लिए खड़ा होना भी मुश्किल हो गया था। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि शावर्मा खाने के बाद कई अन्य लोग भी बीमार हुए हैं।
एक स्टॉल से खाना खाने वाले लोगों के बीमार होने से हड़कंप
एक ही स्टॉल से चिकन शोर्मा खाने के बाद 43 लोगों के बीमार होने की घटना ने इलाके में खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल सभी प्रभावित लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।









