ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में लद्देवाली रोड स्थित पार्क एवेन्यू में उस समय परिवार के लोगों में दहशत फैल गई, जब एक खतरनाक कोबरा सांप पुलिस विभाग में तैनात ASI भारत भूषण के घर में घुस गया। सांप को देखते ही परिवार के सदस्य घबरा गए और तुरंत रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी। सांप दीवार के छेद में घुसकर दूसरी तरफ निकल गया था, जिसके चलते उसे पकड़ने के लिए रेस्क्यू टीम को करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
दीवार के छेद में घुस गया था कोबरा
जानकारी के मुताबिक, ASI भारत भूषण के घर में कोबरा दिखाई देने के बाद परिवार ने सांप पकड़ने वाली टीम से संपर्क किया। रेस्क्यू टीम के सदस्य कुलदीप उस समय कपूरथला में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए गए हुए थे, जिस कारण उन्हें जालंधर पहुंचने में देरी हुई। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने सांप पर लगातार नजर बनाए रखी।
10 से 12 फीट ऊंची दीवार पर चढ़े कुलदीप और ASI
मौके पर पहुंचने के बाद कुलदीप ने सांप को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दीवार के आर-पार हो चुके कोबरा को काबू करना आसान नहीं था। ऐसे में ASI भारत भूषण ने भी रेस्क्यू में मदद की। इसके बाद कुलदीप और ASI करीब 10 से 12 फीट ऊंची दीवार पर चढ़ गए। दोनों ने दूसरी तरफ खाली प्लॉट में पहुंचकर सांप को काबू किया और उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
स्पेक्टिकल कोबरा की मादा प्रजाति निकली
रेस्क्यू टीम के सदस्य कुलदीप ने बताया कि पकड़ा गया सांप स्पेक्टिकल कोबरा की मादा प्रजाति का था। उन्होंने बताया कि यह बेहद जहरीला सांप है। इसके काटने से शरीर में न्यूरोटॉक्सिन का असर हो सकता है, जिससे इंसान की जान को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
रेस्क्यू का वीडियो आया सामने
ASI भारत भूषण के घर से कोबरा को पकड़ने का पूरा वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में रेस्क्यू टीम और ASI को ऊंची दीवार पर चढ़कर सांप को काबू करने की कोशिश करते देखा जा सकता है। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सांप को पकड़ने में सफलता मिली, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।









