चंडीगढ़: सड़क हादसे में बेटे की मौत के बाद मुआवजे के लिए करीब तीन साल से कानूनी लड़ाई लड़ रहे बिहार निवासी माता-पिता को अब 16 लाख रुपए मिलेंगे। मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल में परिवार ने 40 लाख रुपए मुआवजे की मांग की थी। हालांकि, लोक अदालत में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद बीमा कंपनी 16 लाख रुपए देने पर सहमत हो गई। अदालत ने समझौते के आधार पर याचिका का निपटारा कर दिया है।
27 नवंबर 2023 को सड़क हादसे में हुई थी बेटे की मौत
याचिका के अनुसार, परवीन कुमार उर्फ प्रवीण कुमार की 27 नवंबर 2023 को चंडीगढ़ में सड़क हादसे के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में थाना सेक्टर-36 में FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 279 और 337 के तहत केस दर्ज किया था।
मृतक के माता-पिता ने आरोप लगाया था कि बोलेरो गाड़ी चालक अखिल कैन्थ की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसा हुआ। गाड़ी के मालिक सुरेश मोहन कैन्थ थे और वाहन का बीमा मैग्मा एचडीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी के पास था।
माता-पिता ने मांगा था 40 लाख रुपए मुआवजा
बेटे की मौत के बाद मां गीता देवी और पिता श्याम यादव ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 166 के तहत अदालत में याचिका दायर कर 40 लाख रुपए मुआवजे की मांग की थी। सुनवाई के दौरान वाहन चालक, मालिक और बीमा कंपनी ने अपना पक्ष रखा और मुआवजे के दावे का विरोध किया।
हालांकि, बाद में लोक अदालत में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। मृतक के माता-पिता के वकील नवदीप अरोड़ा और बीमा कंपनी के वकील अरविंद गुप्ता ने संयुक्त बयान देकर 16 लाख रुपए में मामले का पूर्ण और अंतिम निपटारा करने पर सहमति जताई।
मां को 60% और पिता को मिलेगा 40% हिस्सा
अदालत ने समझौते को स्वीकार करते हुए मुआवजे की राशि का बंटवारा भी तय कर दिया है। इसके तहत मृतक की मां गीता देवी को कुल राशि का 60 प्रतिशत यानी 9 लाख 60 हजार रुपए मिलेंगे, जबकि पिता श्याम यादव को 40 प्रतिशत यानी 6 लाख 40 हजार रुपए दिए जाएंगे।
बीमा कंपनी को 45 दिनों के भीतर पूरी राशि का भुगतान करना होगा। यह रकम सीधे माता-पिता के बैंक खातों में जमा कराई जा सकती है या मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल, चंडीगढ़ के खाते में RTGS या NEFT के जरिए भेजी जा सकती है।









