ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही सुबह के समय घना कोहरा सड़क हादसों की वजह बनने लगा है। मंगलवार सुबह कम विजिबिलिटी के कारण मोगा और फिरोजपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। मोगा में कोहरे के चलते चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिसमें एक बच्चे समेत 7 लोग घायल हो गए। वहीं, फिरोजपुर में एक प्राइवेट बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में बस का ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गए, जबकि कई यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
मोगा में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर चार गाड़ियां टकराईं
मोगा के बाघापुराना-बठिंडा भारतमाला एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे घने कोहरे के कारण बड़ा हादसा हो गया। कम विजिबिलिटी के चलते आगे चल रही स्विफ्ट कार को पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, स्कॉर्पियो चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन डिवाइडर से जा टकराया।
पीछे से आ रही क्रेटा और अर्टिगा भी भिड़ीं
स्विफ्ट और स्कॉर्पियो के बीच हुई टक्कर के बाद पीछे से आ रही अन्य गाड़ियों के चालकों को समय रहते हादसे का पता नहीं चल पाया। इसके चलते क्रेटा और अर्टिगा भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गईं। इस तरह एक्सप्रेसवे पर चार गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। हालांकि, क्रेटा और अर्टिगा में एयरबैग खुलने के कारण उनमें सवार लोगों को गंभीर चोटों से बचाव हो गया। उन्हें मामूली चोटें आईं।
गाड़ियों में फंसे घायलों को शीशे तोड़कर निकाला
इस हादसे में स्विफ्ट में सवार बुजुर्ग दंपति और स्कॉर्पियो में बैठे पांच युवक घायल हो गए। स्कॉर्पियो में तीन साल का एक बच्चा भी मौजूद था, जो हादसे में घायल हुआ। दोनों गाड़ियों के दरवाजे लॉक होने के कारण घायलों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और सड़क से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोहे की रॉड की मदद से गाड़ियों के शीशे तोड़े और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
एक घंटे तक प्रभावित रहा ट्रैफिक
घटना की सूचना मिलने पर बाघापुराना पुलिस और एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल लोगों को मोगा के सिविल अस्पताल और बठिंडा के एक निजी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहीं, सड़क सुरक्षा फोर्स और पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके चलते करीब एक घंटे तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाने के बाद वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू करवाई गई।
फिरोजपुर में बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर
मोगा के अलावा फिरोजपुर में भी कोहरे के कारण सड़क हादसा हुआ। यहां एक प्राइवेट बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस का ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गए। इसके अलावा बस में सफर कर रहे कई यात्रियों को भी चोटें आईं। हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों की मदद के लिए आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत पहुंच गए। उन्होंने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों हादसों के बाद एक बार फिर सुबह के समय कोहरे के दौरान वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है।









