Speed ​​Records के मालिक के बेटे की अस्थियां लेकर हरिद्वार पहुंचे Jazzy B, शेयर की भावुक पोस्ट!

जालंधर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 'स्पीड रिकॉर्ड्स' के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख के निधन से पूरा पंजाबी संगीत जगत गहरे शोक में है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ‘स्पीड रिकॉर्ड्स’ के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख के निधन से पूरा पंजाबी संगीत जगत गहरे शोक में है। बीते दिन मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट पर दिवित का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ, जहां उनके पिता दिनेश औलख ने नम आंखों से बेटे को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के बाद आज परिवार और प्रसिद्ध पंजाबी गायक जैजी बी दिवित की अस्थियां लेकर हरिद्वार पहुंचे हैं, जहां पवित्र गंगा में अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

जैजी बी ने शेयर की भावुक तस्वीर
हरिद्वार पहुंचने पर गायक जैजी बी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक बेहद भावुक पोस्ट और तस्वीर शेयर की है। तस्वीर में जैजी बी खुद दिवित की अस्थियों का कलश हाथों में थामे नजर आ रहे हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बेहद गमगीन माहौल में साथ खड़े हैं। जैजी बी की इस पोस्ट को देखकर फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग भी काफी भावुक हो रहे हैं।

गिप्पी ग्रेवाल समेत कई कलाकारों ने दिया था कंधा
इससे पहले हुए अंतिम संस्कार के दौरान पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के तमाम बड़े सितारे दिनेश औलख के निवास स्थान पहुंचे थे। दिग्गज कलाकार गिप्पी ग्रेवाल और अन्य गायकों ने दिवित औलख की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उनकी अर्थी को कंधा दिया। अंतिम विदाई के समय माहौल बेहद गमगीन था और वहां मौजूद कोई भी शख्स अपने आंसू नहीं रोक पा रहा था।

पूरी पंजाबी इंडस्ट्री परिवार के साथ खड़ी
दिवित के अचानक चले जाने से पूरे पंजाबी म्यूजिक वर्ल्ड में मातम पसरा हुआ है। गायक, प्रोड्यूसर और संगीत जगत से जुड़ी तमाम हस्तियां दिनेश औलख और उनके परिवार को ढांढस बंधा रही हैं तथा दिवंगत दिवित की आत्मा की शांति के लिए अरदास कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *