पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच चर्चा है कि पंजाब भाजपा के प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों को पार्टी लुधियाना नॉर्थ विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतार सकती है। पार्टी के इंटरनल सर्वे में इस सीट को उनके लिए सुरक्षित माना जा रहा है।
लुधियाना नॉर्थ हलके में केवल सिंह ढिल्लों के होर्डिंग्स लगाए जाने के बाद उनके यहां से चुनाव लड़ने की चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हाल ही में लुधियाना में एक कार्यक्रम के दौरान जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान जो फैसला करेगा, वही उन्हें मंजूर होगा।इसके अलावा चर्चा है कि केवल सिंह ढिल्लों ने लुधियाना नॉर्थ के सिविल सिटी इलाके में एक कोठी भी ली है। हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
लुधियाना की शहरी सीटों पर BJP की नजर
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव में लुधियाना की सभी शहरी सीटों पर अपना जनाधार मजबूत करना चाहती है। ढिल्लों के लंबे राजनीतिक अनुभव और 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान लुधियाना नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को मिली बढ़त को देखते हुए पार्टी नेतृत्व उनके नाम पर विचार कर रहा है।फिलहाल केवल सिंह ढिल्लों की उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अंतिम फैसला भाजपा हाईकमान की ओर से ही लिया जाएगा।









