ख़बरिस्तान नेटवर्क : बठिंडा में सोमवार रात एक तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला, कार ने 4 लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई है, जबकि महिला समेत 3 बुरी तरह से घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक बच्चे की पहचान 12 साल के हरमन के रूप में हुई है, जो बठिंडा के गावं दियोण का रहने वाला था। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
मोमोज़ स्टॉल के पास थे सभी, तभी अचानक कार ने रौंदा
जानकारी के मुताबिक हादसा करीब रात साढ़े 8 बजे हुआ है। मलोट की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार बेकाबू हो गई है और चालक उस पर कंट्रोल नहीं कर पाया। जिस कारण कार ने सड़क किनारे मोमोज़ स्टॉल पर खड़े लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई।
कार की टक्कर से 100 मीटर दूर गिरा बच्चा
हादसे के दौरान हरमन बाइक पर बैठा था। बेकाबू कार की टक्कर से हरमन उछलकर करीब 100 मीटर दूर जा गिरा। उसका सिर फट गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं, कार की चपेट में आने से खेत सिंह बस्ती के रहने वाले अमृत सिंह (40), ममता (36) और गांव सिवियां का निवासी पाली (15) घायल हो गए।
लोगों ने नशे में गाड़ी चलाने के लगाए आरोप
चश्मदीद लोगों के मुताबिक ड्राइवर शराब के नशे में था और कार के अंदर शराब की बोतल भी मिली है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में रोष फैल गया। हादसे से नाराज लोगों ने सड़क के दोनों तरफ जाम लगाकर रोष प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों को समझाया और आरोपी पर सख्त कार्रवाी का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोगों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। आरोपी ड्राइवर की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









