जालंधर के वर्कशॉप चौक पर दर्दनाक हादसा! तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौ’त

Tragic accident at Jalandhar’s Workshop Chowk! An elderly man was run over by a speeding truck and died on the spot.

जालंधर के व्यस्त वर्कशॉप चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने काम पर जा रहे एक बुजुर्ग साइकिल सवार को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग रोजाना की तरह सुबह अपनी साइकिल पर काम के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वह वर्कशॉप चौक के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बुजुर्ग ट्रक के पहियों के नीचे आ गए।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर PV 08 DS 2953 बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।

प्रत्यक्षदर्शी रजिंदर बाबा के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद बुजुर्ग की सांसें चल रही थीं। लोगों ने मदद के लिए 108 एम्बुलेंस और पुलिस हेल्पलाइन 100 व 112 पर कई बार फोन किया, लेकिन आरोप है कि एम्बुलेंस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि पास में थाना नंबर 2 होने के बावजूद पुलिस समय पर क्यों नहीं पहुंची।

वहीं, मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है। उनके पास सिर्फ एक रोटी का डिब्बा और साइकिल मिली है। फिलहाल बुजुर्ग की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अगर समय रहते मेडिकल सहायता मिल जाती तो शायद बुजुर्ग की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *