ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख को याद कर परिवार और करीबियों की आंखें नम हैं। बेटे के निधन से गहरे सदमे में चल रहे दिनेश औलख आज एक बार फिर भावुक नजर आए। इस दौरान पंजाबी गायक जैजी बी समेत कई कलाकार उनके साथ श्मशान घाट पहुंचे और दिवित की अस्थियां लेने की रस्म में शामिल हुए।
अस्थियां लेने पहुंचे जैजी बी समेत कई कलाकार
दिवित औलख की अस्थियां लेने और उनकी आत्मा की शांति के लिए पूजा-अर्चना करने के लिए आज मॉडल टाउन श्मशान घाट में धार्मिक रस्में निभाई गईं। इस दौरान गायक जैजी बी सहित अन्य कलाकार भी मौजूद रहे। सभी ने दिवित की आत्मा को प्रभु के चरणों में स्थान मिलने की प्रार्थना की।
इस दौरान पिता दिनेश औलख बेहद भावुक दिखाई दिए। वह वहां मौजूद लोगों के सामने हाथ जोड़ते नजर आए। बेटे को खोने का दर्द उनके चेहरे पर साफ झलक रहा था। परिवार की इस मुश्किल घड़ी में कलाकार भी उनके साथ खड़े दिखाई दिए।
गिप्पी ग्रेवाल समेत कलाकारों ने दिया था कंधा
इससे पहले बीते दिन मॉडल टाउन श्मशान घाट में दिवित औलख का अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम विदाई के समय पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल समेत कई कलाकारों ने दिवित के पार्थिव शरीर को कंधा दिया था। इस दौरान दिनेश औलख ने अपने बेटे को मुखाग्नि दी। बेटे को अंतिम विदाई देते समय पिता के साथ-साथ वहां मौजूद कई गायक भी अपने आंसू नहीं रोक पाए थे।
हनी सिंह के साथ पुरानी तस्वीरें कीं शेयर
बेटे की याद में दिनेश औलख ने सोशल मीडिया पर दिवित की गायक यो यो हनी सिंह के साथ कुछ पुरानी तस्वीरें भी साझा की हैं। इन तस्वीरों के जरिए उन्होंने बेटे से जुड़ी यादों को ताजा किया। दिवित के निधन से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के कलाकार भी गहरे दुख में हैं और परिवार के प्रति संवेदनाएं जता रहे हैं।
कल Bath Castle में होगी अंतिम अरदास
दिवित औलख की अंतिम अरदास कल Bath Castle में आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक होगा। इस दौरान परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ी हस्तियों के दिवित को श्रद्धांजलि देने पहुंचने की उम्मीद है।









