ख़बरिस्तान नेटवर्क : तिब्बत में वीरवार रात आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। रिक्टर स्केल पर 7.0 तीव्रता के इस भूकंप के कारण 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 54 अन्य घायल हो गए। भूकंप के तेज झटकों से स्थानीय इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
नागकू में था भूकंप का केंद्र
जानकारी के मुताबिक, भूकंप वीरवार रात करीब 8 बजे आया। इसका केंद्र तिब्बत के नागकू क्षेत्र में जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे था। यह स्थान तिब्बत की राजधानी ल्हासा से करीब 400 किलोमीटर दूर बताया गया है। भूकंप का केंद्र कम गहराई पर होने के कारण आसपास के क्षेत्रों में इसके झटके स्पष्ट रूप से महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र ने की पुष्टि
चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र (CENC) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 7.0 दर्ज की गई। स्थानीय क्षेत्र में झटके साफ महसूस किए गए। तिब्बत में आए शक्तिशाली भूकंप के बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी धरती कांपने की खबर सामने आई है। पाकिस्तान में 4.9 तीव्रता, जबकि अफगानिस्तान में 4.1 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए।









