जालंधर के शाहकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर मलसीयां के पास एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में 26 साल के लवप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त राजनप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक कार में शाहकोट से नकोदर जा रहे थे। मलसीयां से आगे कार चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक अंदर फंस गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। राहगीरों और ट्रैक्टर की मदद से दोनों युवकों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उन्हें नकोदर रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने लवप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, राजनप्रीत सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए जालंधर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।









