टिम्मी चावला और संदीप नंगल अंबियां के परिवारों से मिले सचिन पायलट-परगट सिंह, इंसाफ में देरी पर सरकार को घेरा

Sachin Pilot and Pargat Singh met with the families of Timmy Chawla and Sandeep Nangal Ambian

पंजाब में गैंगस्टरवाद और नशे के मुद्दे पर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने अपने दौरे के दौरान जालंधर जिले के नकोदर और शाहकोट में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फिरौती न देने पर हत्या के शिकार हुए कारोबारी टिम्मी चावला और मशहूर कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबियां के परिवारों से दुख साझा किया और उन्हें इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दोनों परिवार पिछले चार साल से अधिक समय से न्याय की उम्मीद में पुलिस थानों और अदालतों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिला। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर लोकसभा तक उठाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।

अंबियां की पत्नी को नौकरी देने का वादा पूरा न करने पर CM मान पर निशाना

इस दौरान सचिन पायलट और परगट सिंह ने संदीप नंगल अंबियां की पत्नी को नौकरी देने के वादे को पूरा न करने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों से मिलने का मकसद उनकी समस्याओं को समझना और ऐसी नीतियां बनाने की जरूरत पर जोर देना है, जिनसे पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेताओं ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में पुलिस पर राजनीतिक दबाव बढ़ा है और पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक हितों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस को बिना किसी दबाव के कानून के मुताबिक निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि सरकार के गैंगस्टरवाद खत्म करने के दावों के बावजूद लोगों को फिरौती की कॉल आ रही हैं और पीड़ितों को डराने-धमकाने के साथ केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों के मामलों में न्याय मिलने में देरी होना बेहद चिंताजनक है।

वहीं, पंजाब में नशे की समस्या को लेकर भाजपा द्वारा कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी उन्होंने पलटवार किया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की पिछली गठबंधन सरकार और मौजूदा केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा कि सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे।

इसके अलावा, कांग्रेस नेताओं ने नकोदर विधानसभा क्षेत्र में कथित अवैध माइनिंग का मुद्दा उठाया और स्थानीय विधायक पर मिलीभगत के आरोप लगाए।इस मौके पर पंजाब कांग्रेस के सह-प्रभारी रविंदर दलवी, कपूरथला के विधायक राणा गुरजीत सिंह, शाहकोट के विधायक हरदेव सिंह लाडी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *