टाइगर श्रॉफ की कार पर 5 राउंड फायरिंग, हाथ और सीने पर लगी चोटें; आरोपियों की पहली तस्वीर आई सामने

5 rounds fired at Tiger Shroff’s car; he sustained injuries to his arm and ches

मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद उनकी तस्वीरें सामने आई हैं। तस्वीरों में टाइगर की बांह और सीने पर पट्टियां बंधी दिखाई दे रही हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे रविवार देर रात उनसे मिलने उनके घर पहुंचे। मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि टाइगर के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है।

इस बीच, फायरिंग के आरोपियों की पहली तस्वीर भी सामने आई है। तस्वीर में दो युवक सफेद शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। इनमें से एक ने प्यूमा के लोगो वाली काली कैप पहन रखी है। हालांकि, तस्वीर कब और कहां की है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फायरिंग के बाद बाइक को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर फरार हो गए। मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की 15 टीमें गठित की गई हैं। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू के पुष्पा नरसी पार्क के पास टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई। घटना के समय टाइगर फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि हमलावरों को उनके नियमित रूटीन की जानकारी थी और उन्होंने पहले रेकी की हो सकती है।

फायरिंग में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस के दाहिने हाथ में गोली लगी है। वहीं, उमेश चव्हाण नाम का एक अन्य शख्स भी घायल हुआ है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए KEM अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

इस मामले में लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। गैंग की ओर से सलमान खान के साथ काम करने वालों को भी धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

जुहू पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *