जालंधर में वार्ड नंबर-23 की पार्षद परमजीत कौर के पति हरपाल सिंह मिंटू पर चाकुओं से हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, समय पर इलाज मिलने के बाद अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7 बजे हरपाल सिंह मिंटू पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे थे। वह दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने की कोशिश कर रहे थे।इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने हरपाल सिंह मिंटू पर चाकुओं और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
घटना के बाद घायल हरपाल सिंह मिंटू को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस के मुताबिक, इस मामले में राजू भईया और शामा लाहौरिया समेत चार आरोपियों की पहचान की गई है। शुरुआती जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस ने इस मामले में FIR नंबर दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 109, 190, 191 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।









