CJP ने दिल्ली पुलिस को दी चेतावनी! अगर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली फिर …

ख़बरिस्तान नेटवर्क : मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति और तारीख नहीं मिली, तो वह दोबारा आंदोलन शुरू करेगा।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति के लिए पहुंचे CJP नेता
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका और सौरव दास सोमवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे। दोनों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी। वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करना चाहते हैं। CJP ने पुलिस को 24 घंटे का समय देते हुए कहा है कि यदि प्रदर्शन की तारीख नहीं दी गई, तो संगठन फिर से आंदोलन करेगा।

अभिजीत दीपके का आरोप- हिरासत का वीडियो एडिट करके जारी किया
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर हिरासत से संबंधित वीडियो एडिट करके जारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि पुलिस को अपनी कार्रवाई पर भरोसा है, तो हिरासत का पूरा वीडियो सार्वजनिक किया जाना चाहिए। पूरा वीडियो सामने आने से लोगों को पता चलेगा कि हिरासत के दौरान उन्हें किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा और उनके अधिकारों से किस तरह वंचित रखा गया।

अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद पुलिस ने उन्हें अपने चचेरे भाई से बात करने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें दो मिनट के लिए फोन इस्तेमाल करने तक नहीं दिया गया।

शनिवार को एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए गए थे CJP नेता
अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था। तीनों जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रहे थे। रविवार को कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए जाने के बाद तीनों को रिहा कर दिया गया। हालांकि, रिहाई के साथ उन्हें एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त का पालन करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *