ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया गया। उनके साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिसकर्मियों के विमान में पहुंचते ही अंदर हलचल मच गई। इस दौरान CJP नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत भी हुई।
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही अभिजीत दीपके और उनके साथियों को अंदाजा हो गया था कि उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है। इस दौरान अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस से कहा, “मैं यहां गिरफ्तार होने ही आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए।”
अभिजीत दीपके का बयान, ‘मुझे गिरफ्तार कीजिए’
विमान में पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके ने गिरफ्तारी को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने पुलिस से कहा कि वह गिरफ्तार होने के लिए ही यहां आए हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए। पुलिसकर्मियों ने उनसे कहा, “नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है। कृपया सहयोग करें।” दिल्ली पुलिस ने फिलहाल इस कार्रवाई को गिरफ्तारी के बजाय हिरासत बताया है।
विमान के अंदर पुलिस और CJP नेताओं के बीच बातचीत
दिल्ली पुलिस के अधिकारी विमान के अंदर पहुंचे तो अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को लेकर बातचीत शुरू हुई। इसके बाद पुलिस तीनों को विमान से उतारकर एक बस में ले गई। इस घटनाक्रम के दौरान विमान के अंदर हलचल की स्थिति बन गई। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेने की कार्रवाई की, जबकि आधिकारिक तौर पर इसे गिरफ्तारी नहीं बताया गया।
दिल्ली पहुंचते ही अभिजीत दीपके ने कही थी यह बात
फ्लाइट के IGI एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद अभिजीत दीपके ने आजतक से बातचीत में कहा था, “सबको तो हिरासत में ले लिया है, हम भी देखते हैं।” इसके कुछ ही देर बाद दिल्ली पुलिस के अधिकारी विमान में पहुंचे और अभिजीत दीपके समेत तीन CJP नेताओं को हिरासत में ले लिया।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले कार्रवाई
कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रोकने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।









