ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर देहात के लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संचालन को लेकर रेलवे कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत ने बीटीपीएन (पेट्रोल टैंक वैगन) ट्रेन के मैनेजर रवि के सिर पर डंडा मार दिया।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में हंगामा मच गया। इस दौरान ट्रेन मैनेजर के हाथ से मोबाइल फोन भी गिर गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिरोजपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने दोनों कर्मचारियों को तलब किया है।
ट्रेन चलाने को लेकर बनी थी असमंजस की स्थिति
जानकारी के मुताबिक, फिरोजपुर रेल मंडल से जम्मू जा रही ईंधन से भरी बीटीपीएन ट्रेन सुबह करीब 11 बजे लोहियां खास रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन को आगे रवाना करने या स्टेशन पर रोकने को लेकर कंट्रोल रूम और स्टेशन स्तर से स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिल रहे थे।
ट्रेन मैनेजर रवि ने वॉकी-टॉकी के जरिए स्टेशन सुपरिंटेंडेंट से संपर्क कर ट्रेन के संचालन को लेकर जानकारी मांगने की कोशिश की, लेकिन उन्हें जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोको पायलट ज्ञान प्रकाश ने भी संपर्क करने का प्रयास किया, मगर उन्हें भी कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिली।
दूसरी ट्रेन को पहले निकालने की मिली जानकारी
लगातार संपर्क करने के बावजूद स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर प्वाइंट्समैन के माध्यम से स्टेशन सुपरिंटेंडेंट तक संदेश पहुंचाया गया। इसके जवाब में बताया गया कि पहले किसी दूसरी ट्रेन को निकाला जाएगा। इसके बाद ट्रेन मैनेजर रवि खुद स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत के पास पहुंचे। उन्होंने पूछा कि अगर उनकी ट्रेन को दूसरी गाड़ी के लिए रोका जा रहा है, तो इसकी आधिकारिक जानकारी दे दी जाए, ताकि ट्रेन संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सके।
बहस के दौरान डंडे से हमला करने का आरोप
आरोप है कि ट्रेन मैनेजर के सवाल पर स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत गुस्से में आ गए और उन्होंने रवि के सिर पर डंडा मार दिया। हमले के दौरान रवि के हाथ से मोबाइल फोन नीचे गिर गया। इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में हंगामा शुरू हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला रेलवे अधिकारियों के संज्ञान में आया। हालांकि, विवाद के सभी पहलुओं और घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने दोनों कर्मचारियों को किया तलब
मामले को गंभीरता से लेते हुए फिरोजपुर मंडल के डिवीजनल ऑपरेशनल मैनेजर (DOM) गुरशरण पाठक ने स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत और ट्रेन मैनेजर रवि को तलब किया है। वहीं, जीआरपी ने संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









