ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमेरिका के ओहायो में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार दोपहर रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर पर अज्ञात हमलावरों ने ईंटें फेंकीं। हमले में मंदिर की खिड़कियों के शीशे टूट गए और इमारत को नुकसान पहुंचा। घटना के समय मंदिर के अंदर पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे।
दोपहर करीब 1:30 बजे मंदिर को बनाया निशाना
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) के मुताबिक, घटना शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार करीब दोपहर 1:30 बजे हुई। रिचमंड हाइट्स के श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर को निशाना बनाते हुए हमलावरों ने इमारत पर ईंटें फेंकीं। कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) के अनुसार, ईंटें लगने से मंदिर की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए। उस समय पुजारी और कई श्रद्धालु मंदिर परिसर के अंदर मौजूद थे।
CCTV फुटेज की जांच कर रहे अधिकारी
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने बताया कि घटना से संबंधित सर्विलांस फुटेज उपलब्ध है और अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं। संगठन ने कहा है कि मामले की जानकारी FBI और सिविल राइट्स अधिकारियों को भी दी जा रही है। घटना को संभावित हेट क्राइम के तौर पर जांचे जाने की मांग की है, हालांकि अभी तक हमले के मकसद या हमलावरों की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
हिंदू संगठनों ने कार्रवाई की मांग की
घटना के बाद हिंदू संगठनों ने स्थानीय प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका ने रिचमंड हाइट्स के अधिकारियों से घटना पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया देने और मामले में तेजी से कार्रवाई करने की अपील की है।
अमेरिका में मंदिरों पर हमलों को लेकर चिंता
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका समेत कई देशों में हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। HAF के रिकॉर्ड में 2022 से अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में कम से कम 19 ऐसी घटनाओं का उल्लेख है, जिनमें कई मामलों में मंदिरों पर आपत्तिजनक या हिंदू-विरोधी संदेश लिखे गए थे। संगठन के अनुसार, इनमें BAPS मंदिर भी कई बार निशाना बने हैं।









