परगट सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर घर में जश्न, पत्नी बोलीं- सभी नेताओं को साथ लेकर चलेंगे

Celebrations at home as Pargat Singh becomes state president; wife says he will take all leaders along.

जालंधर: विधायक परगट सिंह के पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का अध्यक्ष बनने के बाद उनके घर में जश्न का माहौल देखने को मिला। परगट सिंह इस समय दिल्ली में हैं, लेकिन उनके निवास पर पत्नी बरिंदर कौर, परिवार के सदस्यों और समर्थकों ने ढोल की थाप पर नाचकर अपनी खुशी जाहिर की।

इस मौके पर नकोदर हलका इंचार्ज डॉ. नवजोत सिंह धैया, पार्षद पवन कुमार सहित कई समर्थक परगट सिंह के घर पहुंचे और परिवार को बधाई दी। सभी ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और ढोल की थाप पर भंगड़ा डालकर खुशी मनाई।

पोते के जन्म के साथ मिली दोहरी खुशी

परगट सिंह की पत्नी बरिंदर कौर ने इस मौके को परिवार के लिए दोहरी खुशी बताया। उन्होंने कहा कि जब उनके पहले पोते तेग का जन्म हुआ था, उस समय परगट सिंह विधायक बने थे। अब दूसरे पोते के जन्म के साथ उन्हें पंजाब कांग्रेस की कमान मिली है।उन्होंने कहा कि यह संयोग उनके परिवार के लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है।

सभी नेताओं को साथ लेकर चलेंगे परगट सिंह

बरिंदर कौर ने कहा कि परगट सिंह एक खिलाड़ी रहे हैं और उन्हें चुनौतियों का सामना करना अच्छी तरह आता है। उन्हें पूरा विश्वास है कि वह अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाएंगे।उन्होंने उम्मीद जताई कि परगट सिंह कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे और पंजाब में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

बरिंदर कौर ने बताया कि उनकी परगट सिंह से फोन पर करीब पांच मिनट बातचीत हुई है। उन्होंने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि परगट सिंह पंजाब की जनता की आवाज मजबूती से उठाएंगे और पार्टी को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *