ख़बरिस्तान नेटवर्क : शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया को 6 हजार करोड़ रुपए के ड्रग को लेकर SIT ने समन जारी किया है। SIT ने मजीठिया को पूछताछ के लिए 5 अक्टूबर को बुलाया है। इसके साथ ही इस मामले में जुड़े जगदीश भोला को भी बुलाया गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जा सकती है।
2021 में मजीठिया पर दर्ज की गई थी FIR
20 दिसंबर 2021 को पंजाब पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बिक्रम मजीठिया के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज की थी। पुलिस का आरोप था कि मजीठिया के कुछ ऐसे लोगों से संबंध थे, जिन पर ड्रग तस्करी से जुड़े होने के आरोप थे। FIR में कथित गतिविधियों की अवधि 2004 से 2014 बताई गई थी।
जगदीश भोला और अन्य लोगों के बयान दर्ज
मामले में जगदीश सिंह भोला, जगजीत सिंह चहल, मनिंदर सिंह औलख उर्फ बिट्टू औलख और अन्य लोगों के बयानों का भी उल्लेख हुआ। पंजाब सरकार की तरफ से कोर्ट में कहा गया था कि इन बयानों और अन्य सामग्री के आधार पर मजीठिया की भूमिका की जांच की जा रही है।
केस को लेकर मजीठिया सवाल उठाते आ रहे हैं
हालांकि मजीठिया ने इस केस में कानूनी लड़ाई लड़ी और 2022 के विधानसभा चुनाव में अमृतसर से चुनावी मैदान में उतरे थे। इसके बाद वह जेल गए। अगस्त 2022 में उन्हें जमानत मिल गई थी। मजीठिया इस केस पर पहले से ही सवाल उठाते आए हैं।मजीठिया का कहना है कि यह NDPS का मामला है, जिसमें पुलिस ने कोई रिकवरी नहीं की है।









