संगरूर में दीवार फांदकर गुरुद्वारा साहिब में घुसे हथियारबंद बदमाश, सेवादार को गोली मारकर फरार

संगरूर के गांव बडरूखां में गुरुद्वारा साहिब के अंदर हथियारबंद लोगों के घुसने से सनसनी फैल गई। आरोप है कि दीवार फांदकर गुरु घर में दाखिल हुए हमलावरों ने वहां सो रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट की और बाद में विरोध करने पहुंचे सेवादार को गोली मार दी।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : संगरूर के गांव बडरूखां में गुरुद्वारा साहिब के अंदर हथियारबंद लोगों के घुसने से सनसनी फैल गई। आरोप है कि दीवार फांदकर गुरु घर में दाखिल हुए हमलावरों ने वहां सो रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट की और बाद में विरोध करने पहुंचे सेवादार को गोली मार दी। गोली सीने में लगने से सेवादार गंभीर रूप से घायल हो गए।

सो रहे व्यक्ति का गला घोंटने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, हमलावर रात के समय गुरुद्वारा साहिब की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। आरोप है कि उन्होंने सबसे पहले गुरु घर में सो रहे डाली वाले सिंह अजैब सिंह को दबोच लिया और उसका गला घोंटने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अजैब सिंह को रस्सी से बिस्तर के साथ बांधने का भी प्रयास किया। इसी दौरान उन्होंने विरोध किया और शोर मचाया।

आवाज सुनकर बाहर आया सेवादार, सीने में लगी गोली
अजैब सिंह के विरोध के बाद बगल के कमरे में सो रहे गुरुद्वारा साहिब के सेवादार और लांगरी जसवंत सिंह बाहर आ गए। आरोप है कि इसी दौरान हथियारबंद हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली जसवंत सिंह के सीने में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

अनाउंसमेंट के बाद गांव में मचा हड़कंप
घटना के बाद गुरुद्वारा साहिब से अनाउंसमेंट की गई। आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण तुरंत गुरु घर पहुंचे। वहां से घायल जसवंत सिंह को इलाज के लिए संगरूर के अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए पटियाला रेफर कर दिया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

लूट के इरादे से आए थे या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हथियारबंद लोग गुरुद्वारा साहिब में लूटपाट के इरादे से दाखिल हुए थे या उनका मकसद कुछ और था। पुलिस हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *