ख़बरिस्तान नेटवर्क : चंडीगढ़ के सेक्टर 22 में हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गोली चलने की आवाज पर पड़ोसियों ने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि ASI नितिन घायल अवस्था में बेड पर लेटे मिले। जिसके बाद पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हेड कांस्टेबल नितिन अकाउंट ब्रांच पुलिस हेडक्वार्टर सेक्टर 9 में तैनात थे।
सुबह 9 बजे की है घटना
पड़ोसियों के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 9 बजे की है। नितिन के घर सुबह से ही ऊंची-ऊंची आवाजें आ रही थीं। इस दौरान ही अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जिसके बाद पुलिस को इस बारे में फोन कर जानकारी दी गई। पुलिस अब पड़ोसियों और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बेटे को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने नितिन के बेटे (18) से पूछताछ की। शुरुआती बयान में बेटे ने पुलिस को बताया कि किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके पिता को गोली मारी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब उससे घटना के बारे में दोबारा पूछताछ की तो उसके बयान में विरोधाभास सामने आए। पुलिस को बेटे के बयान पर संदेह होने के बाद उससे लगातार पूछताछ की गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।









