पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर का बड़ा दावा : पंजाब में किसी भी पार्टी को नहीं मिलेगा बहुमत, BJP-SAD पर कही ये बात

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक इंटरव्यू में भाजपा में अपने करीब चार साल के राजनीतिक सफर को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा में रहने के दौरान उन्हें वास्तव में कुछ हासिल नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल कांग्रेस में वापस जाने की उनकी कोई योजना नहीं है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक इंटरव्यू में भाजपा में अपने करीब चार साल के राजनीतिक सफर को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा में रहने के दौरान उन्हें वास्तव में कुछ हासिल नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल कांग्रेस में वापस जाने की उनकी कोई योजना नहीं है।

भाजपा-अकाली गठबंधन करके ही आ सकती है सरकार
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि फिलहाल किसी एक पार्टी को लेकर साफ तस्वीर नहीं है। उन्होंने भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन की वकालत करते हुए कहा कि अगर भाजपा पंजाब में सरकार बनाना चाहती है तो उसे अपने पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन पर विचार करना चाहिए। दोनों दल पहले भी साथ मिलकर सरकार चला चुके हैं और अकाली दल भाजपा का पुराना सहयोगी रहा है। पंजाब में भाजपा के पास फिलहाल पर्याप्त जमीनी समर्थन नहीं है।

कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर दिया जवाब
कांग्रेस में वापसी की चर्चाओं को लेकर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ किया कि उनकी ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वह चुनाव लड़ने की सक्रिय राजनीति से भी दूरी बना चुके हैं। इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि कांग्रेस छोड़ने के बाद पार्टी में वापस जाने को लेकर उन्होंने कोई पहल नहीं की है।

अमृतपाल सिंह की रिहाई को लेकर भी बोले कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को रिहा किए जाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि अमृतपाल को बाहर आकर चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए और यदि वह जीतता है तो उसे जीतने दिया जाना चाहिए। किसी व्यक्ति को लंबे समय तक जेल में रखने से उसकी लोकप्रियता बढ़ सकती है। अमृतपाल सिंह वर्तमान में ‘वारिस पंजाब दे’ से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम के केंद्र में हैं और 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले उनकी भूमिका को लेकर चर्चा जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *