‘कह दें चौकी इंचार्ज कुछ नहीं कर रहा’… जालंधर में पुलिस अधिकारी का VIDEO वायरल, कांग्रेस नेता से भी हुई बहस

जालंधर के परागपुर चौकी इंचार्ज को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में चौकी इंचार्ज ASI हरदयाल और शिकायत लेकर पहुंचे एक व्यक्ति के बीच कथित तौर पर बहस होती दिखाई दे रही है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के परागपुर चौकी इंचार्ज को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में चौकी इंचार्ज ASI हरदयाल और शिकायत लेकर पहुंचे एक व्यक्ति के बीच कथित तौर पर बहस होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि नशा तस्करी से जुड़ी शिकायत देने पहुंचे व्यक्ति के साथ पुलिस अधिकारी ने सही बर्ताव नहीं किया और उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई।

कांग्रेस नेता अंगद दत्ता के साथ हुई बहसबाजी
कांग्रेस नेता अंगद दत्ता के मुताबिक, शिकायतकर्ता करीब तीन दिन तक शिकायत देने के लिए पुलिस के पास जाता रहा, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह दोबारा चौकी पहुंचा, जहां कथित तौर पर उसके साथ गलत व्यवहार किया गया। मामले को लेकर कांग्रेस नेता अंगद दत्ता का भी पुलिस के साथ बहस का वीडियो सामने आया है।

वीडियो में वह पुलिस अधिकारी से कथित नशा तस्कर के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं। वह यह भी पूछते दिखाई दे रहे हैं कि मामले को लेकर अधिकारियों की ओर से कोई फोन आया था या नहीं। वीडियो में बातचीत के दौरान माहौल गर्म होता नजर आता है।

आरोप है कि ASI हरदयाल ने कार्रवाई को लेकर कहा कि उनके पास कोई तस्कर नहीं आया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई। वीडियो बनता देखकर ASI के कुर्सी से उठने और वीडियो बंद करने के लिए कहने की बात भी सामने आई है।

कांग्रेस नेता का आरोप- शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई
अंगद दत्ता ने आरोप लगाया कि नंगल गांव में नशे की सप्लाई करने के आरोप में एक व्यक्ति को लोगों ने पकड़ा था, लेकिन वह हमला करने के बाद मौके से फरार हो गया। उनका कहना है कि घटना के बाद गांव का व्यक्ति शिकायत देने के लिए लगातार चौकी जाता रहा, लेकिन उसे अधिकारी नहीं मिले।

देर रात जब वह चौकी इंचार्ज के पास शिकायत लेकर पहुंचा तो उसके साथ कथित तौर पर गलत बर्ताव किया गया। इसके बाद वह खुद चौकी पहुंचे और पुलिस अधिकारी से मामले में कार्रवाई को लेकर बात की।

चौकी इंचार्ज ने दी सफाई
वहीं, चौकी इंचार्ज ASI हरदयाल ने इन आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि गांव में दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी। मामले में एक पक्ष की शिकायत पहले ही ड्यूटी अफसर सुरजीत को दी जा चुकी थी। बाद में करण नामक व्यक्ति दूसरे पक्ष की शिकायत लेकर आया था। उन्होंने करण से शिकायत लिखकर देने के लिए कहा था, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

थाने में VIDEO बनाने को लेकर भी हुआ विवाद
चौकी इंचार्ज ने कहा कि थाने के अंदर वीडियो बनाए जाने को लेकर भी विवाद हुआ। उनके मुताबिक, उन्होंने कांग्रेस नेता अंगद दत्ता से वीडियो न बनाने की अपील की थी, जिसके बाद बहस हो गई। दोनों पक्षों को दोबारा बुलाकर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और मामले के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *