दिल्ली से पंजाब तक स्कूलों को बम की धमकी, बच्चों को भेजा घर; सुरक्षा जांच तेज

दिल्ली से पंजाब तक सोमवार को स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों से हड़कंप मच गया। राजधानी दिल्ली के तीन स्कूलों को बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू किया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली से पंजाब तक सोमवार को स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों से हड़कंप मच गया। राजधानी दिल्ली के तीन स्कूलों को बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू किया। वहीं पंजाब के मानसा में कोर्ट परिसर और चार स्कूलों को धमकी मिलने के बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और प्रभावित स्थानों पर जांच की जा रही है।

दिल्ली के 3 स्कूलों को मिली धमकी
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, राजधानी में जिन स्कूलों को धमकी मिली उनमें हौज खास स्थित मदर इंटरनेशनल स्कूल, चाणक्यपुरी का नेवी चिल्ड्रन्स स्कूल और चाणक्यपुरी का बाल भारती स्कूल शामिल हैं। धमकी मिलने के बाद संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों में तलाशी शुरू की।

पंजाब के मानसा में कोर्ट और 4 स्कूल निशाने पर
पंजाब के मानसा में भी बम की धमकी से हड़कंप मचा। यहां मानसा कोर्ट परिसर और चार सरकारी स्कूलों को धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने संबंधित परिसरों में सुरक्षा बढ़ाते हुए तलाशी अभियान शुरू किया है। धमकी से जुड़ा एक पत्र हीरो कलां गांव में स्टेडियम निर्माण के दौरान मिला था। इसमें मानसा के कोर्ट परिसर के अलावा खीवा कलां, हीरो कलां और अतला कलां के स्कूलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। एहतियात के तौर पर प्रभावित स्कूलों में छुट्टी घोषित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

बच्चों को सुरक्षित घर भेजा, जांच जारी
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित सुरक्षा टीमें सक्रिय हो गईं। स्कूल परिसरों की जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली में भी पुलिस मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *