ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर फिल्लौर के पास स्थित गांव भट्टियां के पास देर रात बदमाशों ने गन पॉइंट पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार रात करीब 12 बजे के बाद आई-20 कार में सवार होकर आए 4 से 5 अज्ञात लुटेरों ने गनपॉइंट पर एक ट्रक ड्राइवर से 50 हजार रूपए और मोबाइल लूट कर फरार हो गए।
सिर पर पिस्तौल तानकर की मारपीट और लूट
जम्मू-कश्मीर के सतवाड़ के रहने वाले पीड़ित ट्रक चालक ने बताया कि वे खन्ना से माल लोड करके जम्मू की तरफ जा रहे थे। रास्ते में कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान एक बदमाश ने उनके सिर पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उनसे 50 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया।
मदद के लिए पहुंचे ग्रामीणों पर तानी पिस्तौल
हादसे के दौरान जब चीख-पुकार सुनकर पास के गांव भट्टियां के कुछ युवा चालक को बचाने के लिए दौड़े, तो बेखौफ बदमाशों ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की। हाथों में पिस्तौल लहराते हुए लुटेरे ग्रामीणों के पीछे ही दौड़ पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही फिल्लौर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित चालक के बयान दर्ज कर आपराधिक मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध कार और बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









