ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर पुलिस ने शहर में चल रहे अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हुक्का बार में रेड की है। इस दौरान पुलिस ने हुक्का-चिलम, शराब, मोबाइल, 10 लाख कैश और सोने के गहने बरामद किए हैं। पुलिस ने इस दौरान कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार भी किया। आरोपी की पहचान तरसेम सिंह उर्फ सीमा के रूप में हुई है।
महंगी शराब की बोतलें भी मिली
थाना बस्ती बावा खेल के एसएचओ इंस्पेक्टर जयइंद्र सिंह की अगुवाई में कार्रवाई की। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब, हुक्का और अन्य सामान बरामद किया। बरामदगी में 8 बोतल ब्लैक लेबल, 10 बोतल बैलेन्टाइन व्हिस्की और 4 बोतल जेमिसन व्हिस्की शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 3 हुक्का चिलम और 3 हुक्का पाइप भी जब्त किए।
आरोपी के बैग से 10 लाख और आईफोन बरामद
वहीं आरोपी के पास रखे एक बैग से 10,71,990 रुपए की भारतीय करेंसी बरामद हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक एप्पल मोबाइल, एक एप्पल टैबलेट, एक सैमसंग मोबाइल, एक सैमसंग कीपैड फोन और एक वीवो मोबाइल भी जब्त किया। इसके अलावा दो सोने के ब्रेसलेट और चार सोने की अंगूठियां भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।
आरोपी पर दर्ज हैं पहले से कई मामले
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, तरसेम सिंह उर्फ सीमा पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ इससे पहले भी थाना बस्ती बावा खेल में मारपीट, चोरी और एक्साइज एक्ट के तहत कम से कम छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह विदेशी शराब कहां से लाता था और उसके पास बरामद इतनी बड़ी नकदी का स्रोत क्या है।









