पंजाब के 9 जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। हालांकि अब जो है पंजाब में मानसून कमजोर पड़ गया है।
वहीं, चंडीगढ़ में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, पंजाब के अधिकतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले कोई खास बदलाव नहीं हुआ। हालांकि, तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक बना हुआ है। बठिंडा 38 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा, जबकि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश
मंगलवार को चंडीगढ़ में सबसे अधिक 58.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद संगरूर में 12.5 एमएम और लुधियाना में 8.9 एमएम बारिश दर्ज हुई।
इसके अलावा मोहाली, बठिंडा, गुरदासपुर, पठानकोट और फरीदकोट में भी कुछ स्थानों पर बारिश हुई, लेकिन इन जगहों पर बारिश का आंकड़ा रिकॉर्ड नहीं हो सका।









