जालंधर पुलिस ने छोटी बारादरी पार्ट-2 स्थित ए वन स्पा सेंटर पर छापेमारी कर अनैतिक गतिविधियों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से करीब आधा दर्जन युवकों और 2 युवतियों समेत एक कर्मचारी को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर को लेकर पिछले कई दिनों से देह व्यापार और अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने सेंटर पर रेड की। इस दौरान मौके से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर का मालिक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पकड़े गए लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सेंटर में कौन-कौन सी गतिविधियां चल रही थीं और इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









