जालंधर: थाना सदर पुलिस ने हत्या के मामले में पति-पत्नी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खून से सना डंडा, टूटी हुई करद, खून से सनी सीमेंट की ईंट और ऑटो बरामद किया है।
मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों की अगुवाई में थाना सदर के इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने पुलिस पार्टी के साथ कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, धर्मपुरा आबादी खांबड़ा में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान सोहांग उर्फ भोला ने अपनी पत्नी कमलजीत कौर के साथ मिलकर अपने 35 वर्षीय दिव्यांग छोटे भाई टहिल दास पर तेजधार हथियार और ईंटों से हमला कर दिया।
हमले में टहिल दास गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल टहिल दास को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां हरबंस कौर के बयानों के आधार पर थाना सदर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 314, दिनांक 16 अगस्त 2026 के तहत मामला दर्ज किया।पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सोहांग उर्फ भोला और उसकी पत्नी कमलजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।









