जालंधर में लोहा कारोबारी से 72 लाख की लूट! रॉड से कार का शीशा तोड़कर कैश से भरे बैग ले उड़े बदमाश

Iron trader robbed of ₹72 lakh in Jalandhar! Miscreants smashed the car window with a rod and fled with a bag full of cash.

जालंधर में लोहा कारोबारी ललित मित्तल से कथित तौर पर लाखों रुपये की लूट का मामला सामने आया है। सोमवार रात टांडा रोड से घर लौट रहे कारोबारी की कार को बदमाशों ने ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। इसके बाद लोहे की रॉड से कार का शीशा तोड़कर अंदर रखे नकदी से भरे दो बैग लेकर आरोपी फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, दोनों बैगों में करीब 72 लाख रुपये कैश होने की बात सामने आ रही है। हालांकि कारोबारी ने नकदी की सटीक रकम की पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि अकाउंटेंट ने पैसे गिनकर बैग कार में रखे थे और सही रकम की जानकारी सुबह मिल सकेगी।

टांडा रोड से घर लौट रहे थे कारोबारी

ललित मित्तल का टांडा रोड पर लोहे का कारोबार है। सोमवार रात करीब साढ़े 9 बजे वह दुकान से दो बैग लेकर अपनी कार में सूर्या एंक्लेव स्थित घर के लिए निकले थे। पुलिस को शक है कि बदमाश टांडा रोड से ही उनका पीछा कर रहे थे।

रास्ते में गाड़ी अड़ाकर रोका

कारोबारी जब काजी मंडी से होते हुए सूर्या एंक्लेव के मोड़ के पास पहुंचे, तो बदमाशों ने अपनी गाड़ी उनकी कार के आगे लगा दी। रास्ता रुकते ही ललित मित्तल ने कार रोक दी। इसी दौरान आरोपी बाहर निकले और उन्होंने कार पर हमला कर दिया।

रॉड से शीशा तोड़कर ले गए बैग

बदमाशों ने लोहे की रॉड से कार का शीशा तोड़ा और अंदर रखे दोनों बैग जबरन निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना रामामंडी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कारोबारी की कार जिन रास्तों से होकर गुजरी, वहां लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है, ताकि आरोपियों के रूट का पता लगाया जा सके।

हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

डीसीपी ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस यह भी जांच रही है कि अगर कारोबारी के पास करीब 72 लाख रुपये थे, तो इतनी बड़ी रकम रात के समय अकेले लेकर घर क्यों जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, नकदी की सटीक रकम भी अभी स्पष्ट नहीं है। इसलिए मामले में लूट के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

बता दे कि ललित मित्तल सीजेएस स्कूल के मालिक और सूर्या एनक्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव हैं। वही आप नेता नितिन कोहली, सोसाइटी अध्यक्ष सुनील शर्मा मौके पर पहुंचे थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *