ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर बस स्टैंड के आसपास देर रात देह व्यापार का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि महज कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है, इसके बावजूद सरेआम यह धंधा धड़ल्ले से फल-फूल रहा है और स्थानीय पुलिस पूरी तरह बेखबर बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के 9 बजते ही सड़क किनारे खुलेआम सौदेबाजी का यह खेल शुरू हो जाता है।
स्टिंग ऑपरेशन में हुआ पूरा खुलासा
सड़क किनारे तंग कपड़ों में खड़ी लड़कियां गाड़ियां रुकते ही तुरंत सौदेबाजी करने लगती हैं। होटल से लेकर किसी भी पर्सनल जगह की व्यवस्था तक पूरी तरह से इन्हीं के नेटवर्क द्वारा की जाती है। इलाके के लोग इस स्थिति से बेहद परेशान हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही थी।
फर्जी ग्राहक बनकर पत्रकार ने खोला राज
मामले की गहराई तक जाने के लिए पत्रकार ने लगातार 15 दिनों तक देर रात फर्जी ग्राहक बनकर पूरे धंधे की पड़ताल की। जांच के दौरान पत्रकार ने 4 लड़कियों से सीधी बातचीत की, जिन्होंने बिना किसी झिझक के अपने रेट और लोकेशन की जानकारी दी। डील तय होते ही इसमें दलालों की एंट्री होती है, जो गुप्त ठिकानों और होटलों का बंदोबस्त संभालते हैं।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत ढिल्लो ने स्पष्ट किया कि जब भी ऐसी कोई गतिविधि या शिकायत संज्ञान में आती है, पुलिस की टीमें तुरंत जांच में जुट जाती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस टीमों को भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।









