सावन के तीसरे सोमवार पर हादसा, अशोकधाम मंदिर में भगदड़ से 7 महिलाओं की मौ’त

Accident on the third Monday of Sawan: 7 women die in stampede at Ashokdham temple

बिहार के लखीसराय में सावन के तीसरे सोमवार को अशोकधाम मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं की लंबी कतार मंदिर से अशोकधाम स्टेशन तक पहुंच गई थी। इसी दौरान पुरुषों की लाइन की तरफ एक खंभा गिर गया। इसके बाद भीड़ में यह अफवाह फैल गई कि बिजली की चालू लाइन का तार लोगों पर गिर गया है। लखीसराय डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, गिरा हुआ तार बिजली का नहीं, बल्कि डिश/इंटरनेट का केबल वायर था।

करंट लगने की अफवाह के बाद पुरुषों की तरफ से भीड़ का दबाव महिलाओं की लाइन पर बढ़ गया। इससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़ीं। इस दौरान बैरिकेडिंग भी टूट गई।

डीएम ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम सुबह करीब 3 बजे से मौके पर मौजूद थी, लेकिन अचानक बढ़ी भीड़ के बीच यह हादसा महज दो मिनट के अंदर हो गया। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

एक प्रत्यक्षदर्शी श्रद्धालु ने बताया कि पोल गिरने और करंट लगने की बात सुनते ही लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी दौरान धक्का-मुक्की बढ़ी और कई लोग गिर गए।

सावन के तीसरे सोमवार के मौके पर अशोकधाम मंदिर में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी है। हादसे के बाद प्रशासन ने मौके पर व्यवस्था संभाल ली है और घायलों का इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *