ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब सरकार की तरफ से नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई और अभियान चलाए जाने के बीच तलवंडी साबो से सामने आए एक वीडियो ने चर्चा बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक एक्टिवा पर झूमता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो देखने पर युवक नशे की हालत में दिखाई देता है।
राहगीर ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर किया शेयर
बताया जा रहा है कि सड़क से गुजर रहे एक राहगीर ने युवक का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पंजाब में नशे की समस्या और सरकार के ड्रग्स विरोधी अभियान को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वीडियो की जांच की और युवक की पहचान कर ली।
DSP ने बताया OAT क्लिनिक से लेता है दवा
मामले पर डीएसपी जसजोत सिंह ने वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक OAT क्लिनिक से नशा छुड़ाने की दवा लेता है। युवक ने निर्धारित मात्रा से अधिक दवा का सेवन कर लिया था। अधिक मात्रा में दवा लेने के कारण युवक की हालत ऐसी दिखाई दे रही थी। पुलिस ने युवक की पहचान करने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।









