पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट ट्रेनों की रफ्तार पर भी लगा ब्रेक

Weather takes a turn in Punjab

पंजाब, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। चंडीगढ़, मोहाली और पठानकोट में सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ में आज से भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसका असर 19 अगस्त तक देखने को मिल सकता है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने यलो अलर्ट जारी किया है।

पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य से करीब 2.7 डिग्री अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस पटियाला में दर्ज किया गया।

चंडीगढ़-मोहाली-पंचकूला में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 2 से 3 घंटों के दौरान मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को तूफानी गतिविधि के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।

पंजाब के कई इलाकों में बारिश

गुरदासपुर, पठानकोट, बटाला, अजनाला और डेरा बाबा नानक समेत कई क्षेत्रों में सुबह करीब सवा 11 बजे तक भारी बारिश, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं मोहाली, चंडीगढ़, जालंधर, अमृतसर, कपूरथला, होशियारपुर और रूपनगर समेत आसपास के इलाकों में मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चल सकती हैं। पटियाला, राजपुरा और लुधियाना समेत कई क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।

हिमाचल में बारिश से रेल सेवा प्रभावित

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश और रेल पटरियों पर भूस्खलन के कारण पठानकोट-बैजनाथ पपरोला रेल सेक्शन प्रभावित हुआ है। रेलवे प्रशासन ने इस रूट पर चलने वाली चार ट्रेन सेवाओं को अगले आदेश तक रद्द कर दिया है।

रद्द की गई ट्रेनों में ट्रेन संख्या 52467, 52470, 52474 और 52465 शामिल हैं। वहीं ट्रेन संख्या 52464 अब बैजनाथ पपरोला से ज्वालामुखी रोड के बजाय केवल कोपरलाहड़ रेलवे स्टेशन तक संचालित होगी। ट्रेन संख्या 52469 भी ज्वालामुखी रोड के बजाय कोपरलाहड़ से अपनी यात्रा शुरू करेगी।

कुल मिलाकर पंजाब में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रशासन की ओर से निचले इलाकों, डैमों और प्रभावित रेल रूटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *