ख़बरिस्तान नेटवर्क : सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर दो और उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने अमृतसर की अजनाला विधानसभा सीट से दलजीत सिंह कलसी और मोगा सीट से गुरमीत सिंह बुक्कनवाला को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया है। दोनों उम्मीदवारों के नाम की घोषणा अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने अमृतसर में की।
NSA के तहत जेल काट चुके हैं दोनों उम्मीदवार
अजनाला से उम्मीदवार बनाए गए दलजीत सिंह कलसी और मोगा से उम्मीदवार गुरमीत सिंह बुक्कनवाला दोनों राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत जेल में रह चुके हैं। पार्टी की ओर से इन दोनों नामों की घोषणा के साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उसकी तैयारियां तेज होती दिखाई दे रही हैं।
इससे पहले बसी पठाना से घोषित हुआ था उम्मीदवार
अकाली दल (वारिस पंजाब दे) इससे पहले बसी पठाना विधानसभा सीट से सतवंत सिंह को उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। सतवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश के आरोपी केहर सिंह के बेटे हैं। इस तरह पार्टी अब तक तीन विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम सामने ला चुकी है।









