पंजाब के साथ-साथ चंडीगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। सुबह से कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, दोपहर 2 बजे तक ट्राइसिटी यानी चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
वहीं, पंजाब के अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। गुरदासपुर 35.8 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि चंडीगढ़ में 31.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है।
अमृतसर में सबसे ज्यादा 53 MM बारिश
सोमवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक पंजाब के 5 जिलों में बारिश दर्ज की गई। इनमें अमृतसर में सबसे ज्यादा 53 मिलीमीटर बारिश हुई। पठानकोट के थीन डैम और रूपनगर के रोपड़ KVK में 0.5-0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि लुधियाना और पटियाला में ट्रेस बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले 7 दिन बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब में अगले 7 दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। 11 और 13 अगस्त को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 12, 14, 15 और 16 अगस्त को भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
बिजली की मांग 13,300 मेगावाट
बारिश के बावजूद पंजाब में बिजली की मांग रात 11:25 बजे 13,300 मेगावाट रही। इस दौरान पंजाब 8,876 मेगावाट बिजली ले रहा था, जबकि तय शेड्यूल 9,014 मेगावाट था। यानी खपत निर्धारित शेड्यूल से 138 मेगावाट कम रही।
भाखड़ा-पोंग डैम का जलस्तर खतरे से नीचे
भाखड़ा डैम में पानी का स्तर 1,614 फीट दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम स्तर 1,680 फीट है। वहीं, पोंग डैम का जलस्तर 1,348.58 फीट रहा, जबकि इसका अधिकतम स्तर करीब 1,390 फीट है। फिलहाल दोनों डैम का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे बताया जा रहा है।









