हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसा हो गया। तीसा-बैरागढ़ सड़क पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 15 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए तीसा अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
चंबा के SP विजय कुमार सकलानी के अनुसार, निजी बस सुबह करीब 7 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बैरागढ़ से कुछ दूरी पर चालुंज मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई और दूसरी सड़क पर जाकर रुक गई।
बस पलटते ही मची चीख-पुकार
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोग पुलिस टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
बस में करीब 25 यात्री सवार थे
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 25 यात्री सवार थे। हादसे का स्थान बेहद दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण प्रशासन को मौके तक पहुंचने और पूरी जानकारी जुटाने में दिक्कत आ रही है। इसी वजह से मृतकों और घायलों की संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
प्रशासनिक टीमें मौके के लिए रवाना
प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं। मौके पर पहुंचकर जांच और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हादसे में हुए जान-माल के वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट होगी। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।









