पंजाब में आज सुबह से मौसम में बदलाव देखने को मिला। चंडीगढ़ और मोहाली समेत कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार पंजाब के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चंडीगढ़ में भी बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
बारिश के चलते पंजाब के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस श्री आनंदपुर साहिब में रिकॉर्ड हुआ। हालांकि, मानसून सीजन में अब तक पंजाब में सामान्य से करीब 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
होशियारपुर में सबसे ज्यादा 18 मिमी बारिश
आईएमडी के मुताबिक गुरुवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होशियारपुर में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा फतेहगढ़ साहिब में 11 मिमी, चंडीगढ़ में 10.7 मिमी, लुधियाना में 11.5 मिमी, लुधियाना शहर में 5.4 मिमी, भाखड़ा डैम क्षेत्र में 5 मिमी, आनंदपुर साहिब में 0.5 मिमी और पटियाला में 0.4 मिमी बारिश हुई।वहीं अमृतसर, गुरदासपुर, कपूरथला, फिरोजपुर, फाजिल्का, संगरूर और तरनतारन समेत कई जिलों में इस दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई।
अगले 7 दिन बदला रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार मानसून ट्रफ इस समय फिरोजपुर से गुजर रही है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय है। दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले सात दिनों तक पंजाब में मौसम बदलता रहेगा।
इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी और लोगों को उमस से राहत मिल सकती है।
बारिश से बिजली की मांग में भी कमी
बारिश के कारण पंजाब में बिजली की मांग में भी कमी दर्ज की गई। गुरुवार को राज्य में बिजली की मांग 13,080 मेगावाट रही। राज्य ने 5,002 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया, जबकि 8,119 मेगावाट बिजली राष्ट्रीय ग्रिड से ली गई। ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 49.98 हर्ट्ज रही और फिलहाल राज्य में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।









