पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार सुबह लुधियाना और जालंधर समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) ने आज पंजाब के 7 जिलों पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली (SAS नगर) में भारी बारिश की चेतावनी (Alert) जारी की है।
दूसरी ओर, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है, जिससे यहा मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार उत्तर भारत से होकर मानसून ट्रफ गुजर रही है। जिसके कारण पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर बना हुआ है।यूपी और हरियाणा के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र (Cyclonic Circulation) सक्रिय है।इन तीनों प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से नमी बढ़ गई है। इसके चलते अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में गर्जना के साथ हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।
बिजली मांग में उछाल
उमस के कारण राज्य में बिजली की मांग 14,603 मेगावाट तक पहुंच गई। इसमें से पंजाब ने स्वयं 4,683 मेगावाट उत्पादन किया, जबकि 9,921 मेगावाट बिजली केंद्रीय ग्रिड से हासिल की गई।









