जालंधर के बस्ती बावा खेल के राजनगर इलाके में शनिवार को तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में 2 से 3 मजदूर घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग तक खुल गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, कार तेज रफ्तार से कपूरथला रोड की तरफ जा रही थी। अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे बने गटर और पेड़ की ओर जा चढ़ी। इस दौरान वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
ड्राइवर बोला- टायर फटने से हुआ हादसा
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक से पूछताछ की। चालक ने दावा किया कि वह सामान्य गति से गाड़ी चला रहा था। उसके मुताबिक, सड़क पर टूटे गटर या बाहर निकले लोहे के सरिए से टकराने के कारण कार का टायर अचानक फट गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर मजदूरों से जा टकराई।
लोगों ने लगाया नशे में ड्राइविंग का आरोप
वहीं, मौके पर मौजूद लोगों और मजदूरों के साथियों ने चालक के दावे पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। हालांकि, नशे में होने की बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने शुरू की जांच
घायल मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की असली वजह जानने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है।









