पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 31 जुलाई से 3 अगस्त तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और मोहाली में भी बारिश की चेतावनी है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बाद तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान फरीदकोट में दर्ज किया गया।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, मध्य प्रदेश और विदर्भ के ऊपर बना डिप्रेशन अब महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में बारिश करा रहा है। इसके प्रभाव से मानसून ट्रफ फिलहाल पंजाब से दक्षिण की ओर बनी हुई है।
वहीं पंजाब के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तर हरियाणा की ओर खिसक गया है। इसके चलते अगले 24 घंटे में पंजाब और चंडीगढ़ में बहुत तेज बारिश की संभावना कम है। हालांकि, कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है।
31 जुलाई को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मोहाली, रूपनगर, जालंधर, कपूरथला, तरनतारन और नवांशहर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
डैमों में बढ़ी पानी की आवक
हिमाचल प्रदेश में हो रही बारिश के कारण भाखड़ा और पोंग डैम में पानी की आवक बढ़ी है। भाखड़ा डैम का जलस्तर 1599.08 फीट है। यहां 39,785 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 24,495 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसका खतरे का निशान 1680 फीट है।








