ख़बरिस्तान नेटवर्क : जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के करनाह में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टीटवाल-सिमरी मार्ग पर यात्रियों से भरी सूमो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
गहरी खाई में जा गिरी यात्रियों से भरी सूमो
हादसा सिमरी इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी सूमो सड़क पर चलते समय अचानक अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला।
6 घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल सभी 6 लोगों को तुरंत इलाज के लिए उप-जिला अस्पताल तंगधार ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों को इलाज दिया। उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सभी को जीएमसी हंदवाड़ा रेफर कर दिया।
मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हुई
हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोगों और घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। प्रशासन और पुलिस की ओर से उनकी पहचान की प्रक्रिया की जा रही है। हादसा आखिर किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।









