ख़बरिस्तान नेटवर्क : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में पुलिस परिसर पर हुए आत्मघाती हमले में अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 16 पुलिसकर्मी शामिल हैं, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
नमाज के दौरान विस्फोट से दहला पुलिस परिसर
हमला शुक्रवार दोपहर उस समय हुआ, जब पुलिसकर्मी और उनके परिवार के सदस्य पुलिस परिसर के अंदर स्थित मस्जिद में नमाज अदा कर रहे थे। इस दौरान विस्फोटक से भरे वाहन को पुलिस परिसर की ओर लाया गया और इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के बाद परिसर में हथियारबंद हमलावरों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी भी शुरू हो गई।
स्पेशल ब्रांच की इमारत में छिपे थे हमलावर
हमले के बाद कुछ हमलावर पुलिस परिसर की स्पेशल ब्रांच वाली इमारत में घुस गए थे। पुलिस और सुरक्षा बलों ने उन्हें घेरकर कार्रवाई शुरू की। कई हमलावरों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी। बाद में सुरक्षा बलों की कार्रवाई के दौरान परिसर को खाली कराने का अभियान भी चलाया गया।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, हमले में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ी है तथा मामले की जांच जारी है। हमले की जिम्मेदारी को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं, जबकि शुरुआती रिपोर्टों में TTP से जुड़े होने की आशंका भी जताई गई थी।









