अमृतसर में 25 साल के युवक की गोली मारकर हत्या, 50 कदम पर ही थी पुलिस चौकी

अमृतसर के कोट खालसा इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक 25 साल के युवक की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर के कोट खालसा इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक 25 साल के युवक की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि यह वारदात कोट खालसा पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर अंजाम दी गई। घटना वीरवार देर रात करीब 10:50 बजे की है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सब्जी लेने निकला था मृतक साहिल
मृतक की पहचान साहिल गिल के रूप में हुई है, जो जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करता था। साहिल के पिता मुख्तियार सिंह ने बताया कि उनका बेटा रात में घर से सब्जी लेने के लिए निकला था। घर से महज 40 कदम की दूरी पर एक्टिवा सवार दो अज्ञात युवकों ने उस पर अंधाधुंध कई राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली साहिल के सीने में जा लगी, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
वारदात के करीब 10 मिनट बाद मोहल्ले के लोगों ने परिवार को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन गंभीर रूप से घायल साहिल को तुरंत अमनदीप अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। साहिल की शादी दो साल पहले ही हुई थी और उसका एक साल का छोटा बच्चा है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही इस्लामाबाद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *