ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के घुमारमंडी की मोबाइल मार्किट में क्लासिक गिफ्ट शोरुम से चोर लाखों रुपए के स्मार्ट फोन चोरी करके ले गए। जानकारी के मुताबिक करीब 5 चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया और 20 मिनट के अंदर 100 से स्मार्टफोन चोरी करके चले गए। यह घटना दुकान में लगी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
20 मिनट में 100 फोन लेकर फरार
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रात के अंधेरे में 5 लोग पैदल शोरूम के बाहर पहुंचे और वहां रुक गए। चोरों ने लोहे की भारी रॉड (सबल) की मदद से शोरूम का शटर बीच से उखाड़ दिया। शटर खुलने के बाद चोरों ने अपने एक साथी को अंदर भेज दिया, जबकि बाकी चार लोग वहां से चले गए, ताकि किसी को शक न हो।
अंदर घुसे चोर ने करीब 20 मिनट में दुकान का आधे से ज्यादा सामान समेट लिया। चोर ने सैमसंग, ओप्पो और वीवो समेत अन्य ब्रांड के करीब 100 मोबाइल फोन डिब्बों से निकाले और बैग में भर लिए। खाली डिब्बे दुकान में ही छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
सुबह दुकान खोलने पर हुआ खुलासा
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब शोरुम मालिक योगेश खोसला सुबह दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि शटर बीच से मुड़ा हुआ है, जब उसे खोला तो देखा कि दुकान के अंदर मोबाइल के डिब्बे बिखरे पड़े हैं और उनमें से महंगे-महंगे फोन गायब थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पूरी वारदात CCTV कैमरों में कैद हो गई है।









