ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के बस्ती शेख इलाके में देर रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की गाड़ी पर हमला करने का मामला सामने आया है।पीड़ित के आरोप के मुताबिक, सचिन नाम का युवक अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और करीब 15 से 20 लोगों ने मिलकर ईंटों और हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गाड़ी के शीशे बुरी तरह टूट गए। पीड़ित ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मोबाइल लेने गया था भाई के साथ, तभी हुआ हमला
पीड़ित युवक ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मोबाइल मार्केट में फोन लेने गया था। इसी दौरान सचिन नाम का युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। हमलावरों के पास ईंटें और हथियार थे। उन्होंने उसकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए।
15-20 दिन पहले भी गाड़ी पर हमले का आरोप
पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसके साथ पुरानी रंजिश रखते हैं। उसके मुताबिक, करीब 15 से 20 दिन पहले भी मॉल टाउन इलाके में उसकी गाड़ी पर इसी तरह हमला किया गया था। उस घटना की CCTV फुटेज और शिकायत पुलिस को सौंपी गई थी। इस बार भी उस पर हमला किया गया। अपनी जान बचाने के लिए वह गाड़ी लेकर वहां से निकल गया और तंग गलियों में छिप गया।
पुलिस मौके पर पहुंची, बयानों के आधार पर होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर PCR के जरिए पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद ASI जगरात सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पीड़ित युवक के बयान दर्ज करने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।









